श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ अनुवाद सहित

प्रथम पूज्य श्रीगणेशजी की आराधना बहुत मंगलकारी मानी जाती है। अनेक श्लोकों, स्त्रोतों, तथा जापों द्वारा गणेशजी को मनाया जाता है। इनमें से एक पाठ “श्री गणपति अथर्वशीर्ष” बहुत मंगलकारी एवं फलदायी है। प्रतिदिन प्रात: शुद्ध होकर श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ को करने से गणेशजी की कृपा अवश्य प्राप्त होती है। यहां पाठकों के लिए श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ अनुवाद सहित दिया गया है| इसे पढ़े और भक्ति भाव से श्री गणेश जी महाराज की स्तुति करें  :

श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ अनुवाद सहित|

श्री गणपति अथर्वशीर्ष

ॐ नमस्ते गणपतये।

त्वमेव प्रत्यक्षं तत्वमसि

त्वमेव केवलं कर्ताऽसि

त्वमेव केवलं धर्ताऽसि

त्वमेव केवलं हर्ताऽसि

त्वमेव सर्वं खल्विदं ब्रह्मासि

त्व साक्षादात्माऽसि नित्यम्।।1।

अर्थ- ॐकारापति भगवान गणपति को नमस्कार है। हे गणेश! तुम्हीं प्रत्यक्ष तत्व हो। तुम्हीं केवल कर्ता हो। तुम्हीं केवल धर्ता हो। तुम्हीं केवल हर्ता हो। निश्चयपूर्वक तुम्हीं इन सब रूपों में विराजमान ब्रह्म हो। तुम साक्षात नित्य आत्मस्वरूप हो।

ऋतं वच्मि। सत्यं वच्मि।।2।

मैं ऋत न्याययुक्त बात कहता हूं। सत्य कहता हूं।

अव त्व मां। अव वक्तारं।

अव श्रोतारं। अव दातारं।

अव धातारं। अवानूचानमव शिष्यं।

अव पश्चातात। अव पुरस्तात।

अवचोत्तरात्तात। अव दक्षिणात्तात्।

अवचोर्ध्वात्तात्।। अवाधरात्तात्।

सर्वतो मां पाहि-पाहि समंतात्।।3।।

हे पार्वतीनंदन! तुम मेरी (मुझ शिष्य की) रक्षा करो। वक्ता (आचार्य) की रक्षा करो। श्रोता की रक्षा करो। दाता की रक्षा करो। धाता की रक्षा करो। व्याख्या करने वाले आचार्य की रक्षा करो। शिष्य की रक्षा करो। पश्चिम से रक्षा। पूर्व से रक्षा करो। उत्तर से रक्षा करो। दक्षिण से रक्षा करो। ऊपर से रक्षा करो। नीचे से रक्षा करो। सब ओर से मेरी रक्षा करो। चारों ओर से मेरी रक्षा करो।

त्वं वाङ्मयस्त्वं चिन्मय:।

त्वमानंदमसयस्त्वं ब्रह्ममय:।

त्वं सच्चिदानंदाद्वितीयोऽषि।

त्वं प्रत्यक्षं ब्रह्माषि।

त्वं ज्ञानमयो विज्ञानमयोऽषि।।4।।

तुम वाङ्मय हो, चिन्मय हो। तुम आनंदमय हो। तुम ब्रह्ममय हो। तुम सच्चिदानंद अद्वितीय हो। तुम प्रत्यक्ष ब्रह्म हो। तुम दानमय विज्ञानमय हो।

श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ अनुवाद सहित|

सर्वं जगदिदं त्वत्तो जायते।

सर्वं जगदिदं त्वत्तस्तिष्ठति।

सर्वं जगदिदं त्वयि लयमेष्यति।

सर्वं जगदिदं त्वयि प्रत्येति।

त्वं भूमिरापोऽनलोऽनिलो नभ:।

त्वं चत्वारिवाक्पदानि।।5।।

यह जगत तुमसे उत्पन्न होता है। यह सारा जगत तुममें लय को प्राप्त होगा। इस सारे जगत की तुममें प्रतीति हो रही है। तुम भूमि, जल, अग्नि, वायु और आकाश हो। परा, पश्चंती, बैखरी और मध्यमा वाणी के ये विभाग तुम्हीं हो।

त्वं गुणत्रयातीत:। त्वं कालत्रयातीत:।

त्वं देहत्रयातीत:।

त्वं मूलाधारस्थितोऽसि नित्यं।

त्वं शक्तित्रयात्मक:।

त्वां योगिनो ध्यायंति नित्यं।

त्वं ब्रह्मा त्वं विष्णुस्त्वं

रूद्रस्त्वं इंद्रस्त्वं अग्निस्त्वं

वायुस्त्वं सूर्यस्त्वं चंद्रमास्त्वं

ब्रह्मभूर्भुव:स्वरोम्।।6।।

तुम सत्व, रज और तम तीनों गुणों से परे हो। तुम जागृत, स्वप्न और सुषुप्ति इन तीनों अवस्थाओं से परे हो। तुम स्थूल, सूक्ष्म औ वर्तमान तीनों देहों से परे हो। तुम भूत, भविष्य और वर्तमान तीनों कालों से परे हो। तुम मूलाधार चक्र में नित्य स्थित रहते हो। इच्छा, क्रिया और ज्ञान तीन प्रकार की शक्तियाँ तुम्हीं हो। तुम्हारा योगीजन नित्य ध्यान करते हैं। तुम ब्रह्मा हो, तुम विष्णु हो, तुम रुद्र हो, तुम इन्द्र हो, तुम अग्नि हो, तुम वायु हो, तुम सूर्य हो, तुम चंद्रमा हो, तुम ब्रह्म हो, भू:, र्भूव:, स्व: ये तीनों लोक तथा ॐकार वाच्य पर ब्रह्म भी तुम हो।

गणादि पूर्वमुच्चार्य वर्णादिं तदनंतरं।

अनुस्वार: परतर:। अर्धेन्दुलसितं।

तारेण ऋद्धं। एतत्तव मनुस्वरूपं।

गकार: पूर्वरूपं। अकारो मध्यमरूपं।

अनुस्वारश्चान्त्यरूपं। बिन्दुरूत्तररूपं।

नाद: संधानं। सँ हितासंधि:

सैषा गणेश विद्या। गणकऋषि:

निचृद्गायत्रीच्छंद:। गणपतिर्देवता।

ॐ गं गणपतये नम:।।7।

गण के आदि अर्थात कर पहले उच्चारण करें। उसके बाद वर्णों के आदि अर्थात उच्चारण करें। उसके बाद अनुस्वार उच्चारित होता है। इस प्रकार अर्धचंद्र से सुशोभित ॐकार से अवरुद्ध होने पर तुम्हारे बीज मंत्र का स्वरूप (ॐ गं) है। गकार इसका पूर्वरूप है।बिन्दु उत्तर रूप है। नाद संधान है। संहिता संविध है। ऐसी यह गणेश विद्या है। इस महामंत्र के गणक ऋषि हैं। निचृंग्दाय छंद है श्री मद्महागणपति देवता हैं। वह महामंत्र है- ॐ गं गणपतये नम:।

एकदन्ताय विद्महे वक्रतुण्डाय धीमहि ।

तन्नो दन्तिः प्रचोदयात् ॥8॥

एक दंत को हम जानते हैं। वक्रतुण्ड का हम ध्यान करते हैं। वह दन्ती (गजानन) हमें प्रेरणा प्रदान करें। यह गणेश गायत्री है।

एकदन्तं चतुर्हस्तं पाशमङ्कुशधारिणम् ।

अभय वरदं हस्तैर्बिभ्राणं मूषकध्वजम् ॥

रक्तं लम्बोदरं शूर्पकर्णकं रक्तवाससम् ।

रक्तगन्धानुलिप्ताङ्गं रक्तपुष्पैस्सुपूजितम् ॥

भक्तानुकम्पिनं देवं जगत्कारणमच्युतम् ।

आविर्भूतं च सृष्ट्यादौ प्रकृतेः पुरुषात्परम् ।

एवं ध्यायति यो नित्यं स योगी योगिनां वरः ॥9

एकदंत चतुर्भज चारों हाथों में पाक्ष, अंकुश, अभय और वरदान की मुद्रा धारण किए तथा मूषक चिह्न की ध्वजा लिए हुए, रक्तवर्ण लंबोदर वाले सूप जैसे बड़े-बड़े कानों वाले रक्त वस्त्रधारी शरीर प रक्त चंदन का लेप किए हुए रक्तपुष्पों से भलिभाँति पूजित। भक्त पर अनुकम्पा करने वाले देवता, जगत के कारण अच्युत, सृष्टि के आदि में आविर्भूत प्रकृति और पुरुष से परे श्रीगणेशजी का जो नित्य ध्यान करता है, वह योगी सब योगियों में श्रेष्ठ है।

नमो व्रातपतये । नमो गणपतये ।

नमः प्रमथपतये ।

नमस्तेऽस्तु लम्बोदरायैकदन्ताय विघ्ननाशिने शिवसुताय वरदमूर्तये नमः ॥10॥

व्रात (देव समूह) के नायक को नमस्कार। गणपति को नमस्कार। प्रथमपति (शिवजी के गणों के अधिनायक) के लिए नमस्कार। लंबोदर को, एकदंत को, शिवजी के पुत्र को तथा श्रीवरदमूर्ति को नमस्कार-नमस्कार ।।

एतदथर्वशीर्षं योऽधीते स ब्रह्मभूयाय कल्पते ।

स सर्वविघ्नैर्न बाध्यते । स सर्वत् सुखमेधते ।

स पञ्चमहापापात्प्रमुच्यते ।11॥

यह अथर्वशीर्ष (अथर्ववेद का उपनिषद) है। इसका पाठ जो करता है, ब्रह्म को प्राप्त करने का अधिकारी हो जाता है। सब प्रकार के विघ्न उसके लिए बाधक नहीं होते। वह सब जगह सुख पाता है। वह पांचों प्रकार के महान पातकों तथा उपपातकों से मुक्त हो जाता है।

सायमधीयानो दिवसकृतं पापं नाशयति ।

प्रातरधीयानो रात्रिकृतं पापं नाशयति ।

सायं प्रातः प्रयुञ्जानो पापो भवति ।

सर्वत्राधीयानोऽपविघ्नो भवति ।

धर्मार्थकाममोक्षं च विन्दति ॥12॥

सायंकाल पाठ करने वाला दिन के पापों का नाश करता है। प्रात:काल पाठ करने वाला रात्रि के पापों का नाश करता है। जो प्रात:- सायं दोनों समय इस पाठ का प्रयोग करता है वह निष्पाप हो जाता है। वह सर्वत्र विघ्नों का नाश करता है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को प्राप्त करता है।

इदमथर्वशीर्षमशिष्याय न देयम् ।

यो यदि मोहाद्दास्यति स पापीयान् भवति ।

सहस्रावर्तनाद्यं यं काममधीते तं तमनेन साधयेत् ॥13॥

इस अथर्वशीर्ष को जो शिष्य न हो उसे नहीं देना चाहिए। जो मोह के कारण देता है वह पातकी हो जाता है। सहस्र (हजार) बार पाठ करने से जिन-जिन कामों-कामनाओं का उच्चारण करता है, उनकी सिद्धि इसके द्वारा ही मनुष्य कर सकता है।

अनेन गणपतिमभिषिञ्चति स वाग्मी भवति ।

चतुर्थ्यामनश्नन् जपति स विद्यावान् भवति ।

इत्यथर्वणवाक्यम् । ब्रह्माद्यावरणं विद्यान्न बिभेति कदाचनेति ॥14॥

इसके द्वारा जो गणपति को स्नान कराता है, वह वक्ता बन जाता है। जो चतुर्थी तिथि को उपवास करके जपता है वह विद्यावान हो जाता है, यह अथर्व वाक्य है जो इस मंत्र के द्वारा तपश्चरण करना जानता है वह कदापि भय को प्राप्त नहीं होता।

यो दूर्वाङ्कुरैर्यजति स वैश्रवणोपमो भवति ।

यो लाजैर्यजति स यशोवान् भवति ।

स मेधावान् भवति ।

यो मोदकसहस्रेण यजति स वाञ्छितफलमवाप्नोति ।

यस्साज्यसमिद्भिर्यजति स सर्वं लभते स सर्वं लभते ॥15॥

जो दूर्वांकुर के द्वारा भगवान गणपति का यजन करता है वह कुबेर के समान हो जाता है। जो लाजो (धानी-लाई) के द्वारा यजन करता है वह यशस्वी होता है, मेधावी होता है। जो सहस्र (हजार) लड्डुओं (मोदकों) द्वारा यजन करता है, वह वांछित फल को प्राप्त करता है। जो घृत के सहित समिधा से यजन करता है, वह सब कुछ प्राप्त करता है।

अष्टौ ब्राह्मणान् सम्यग् ग्राहयित्वा सूर्यवर्चस्वी भवति ।

सूर्यग्रहेमहानद्यां प्रतिमासन्निधौ वा जप्त्वा सिद्धमन्त्रो भवति महाविघ्नात् प्रमुच्यते ।

महादोषात् प्रमुच्यते । महाप्रत्यवायात् प्रमुच्यते ।

स सर्वविद् भवति स सर्वविद् भवति । य एवं वेद । इत्युपनिषत् ॥१७॥ ॐ शान्तिश्शान्तिश्शान्तिः ॥

आठ ब्राह्मणों को सम्यक रीति से ग्राह कराने पर सूर्य के समान तेजस्वी होता है। सूर्य ग्रहण में महानदी में या प्रतिमा के समीप जपने से मंत्र सिद्धि होती है। वह महाविघ्न से मुक्त हो जाता है। जो इस प्रकार जानता है, वह सर्वज्ञ हो जाता है वह सर्वज्ञ हो जाता है।

श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ अनुवाद सहित प्रतिदिन करें और गणेश जी महाराज की कृपा से अपने सभी कार्यो को निर्विघ्न रूप से संपन्न करें |

Palak Pancholi

View Comments

Recent Posts

Importance Of Yoga In Modern Lifestyle

History and Origin of Yoga Types of Yoga Benefits of Yoga Yoga in Modern Life…

2 weeks ago

Importance Of Gratitude In Daily Life

Importance Of Gratitude In daily Life Role Of Gratitude In student's Life Why Should Everyone…

5 months ago

Echoes of Tomorrow — A Sci-Fi Artificial Intelligence Story

In the year 2095, humanity built an artificial intelligence so advanced that it could predict…

6 months ago

The Town That Vanished Overnight

The Town Was Gone Sarah’s hands tightened on the steering wheel as she drove down…

1 year ago

श्रीमद्भगवद्गीता – प्रथम अध्याय (अर्जुनविषादयोग)

श्रीमद्भगवद्गीता - प्रथम अध्याय (अर्जुनविषादयोग) श्लोक 1-10 धृतराष्ट्र उवाच | धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे समवेता युयुत्सव: |…

2 years ago

How Balanced Diet Affect Your Life

"Discover how balanced diet affect your life. Learn about the benefits for physical health, mental…

2 years ago